Mahindra XUV700 जैसी शक्तिशाली SUV को खुले हाइवे पर चलाना किसी सुखद अनुभव से कम नहीं है। हालांकि, कुछ लोग ऐसे वाहनों के प्रदर्शन और क्षमताओं से प्रभावित होकर हाईवे पर गति तेज भी कर देते हैं। ऐसे में, गति सीमा से अधिक ड्राइविंग एक रोमांचक अनुभव जरूर हो सकता है, लेकिन यह भारत में अप्रत्याशित हाईवे पर अवैध और बेहद असुरक्षित है। यही वजह है, कि फिलहाल सोशल मीडिया पर Mahindra XUV700 में ओवरस्पीडिंग का ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है।
आपको बता दें, कि Nikhil Rana के इस YouTube वीडियो में एक व्यक्ति को केरल में किसी हाईवे पर 195 किमी प्रति घंटे की गति से Mahindra XUV700 चलाते हुए दिखाया गया है। वीडियो गाड़ी के इंस्ट्रूमेंट कंसोल की झलक भी दिखाता है, जिस पर स्पीडोमीटर लगातार 192-195 किमी प्रति घंटे के बीच गति दिखा रहा है। इस XUV700 के स्टीयरिंग व्हील के पीछे वाला व्यक्ति अपने दाहिने हाथ से स्टीयरिंग व्हील को पकड़कर, अपने बाएं हाथ में मोबाइल फोन में यह सब रिकॉर्ड कर रहा था।
वायरल हुए इस वीडियो से पता चल रहा है, कि XUV700 चला रहा शख्स अपने खतरनाक ड्राइविंग स्टंट से सोशल मीडिया पर नाम कमाना चाहता था। गौरतलब है, कि भारतीय हाईवे पर गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा है, ऐसे में यह वीडियो XUV700 के मालिक के खिलाफ ओवरस्पीडिंग का सबूत भी निकल गया।
वायरल हो रहा वीडियो
यह वीडियो कई नेटिज़न्स का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है, जो XUV700 के ड्राइवर के खतरनाक ड्राइविंग करने के तरीके की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कार और उसके मालिक से संबंधित यह तेज गति की घटना पुलिस के संज्ञान में आई है या नहीं। वहीं, ऐसा होता है तो किसी भी मामले में ऐसे गैर जिम्मेदार कार चालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई होती है, जो अपनी और दूसरे चालकों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
हाईवे पर इतनी तेज गति से वाहन चलाना बहुत खतरनाक हो सकता है, जो अप्रत्याशितता से भरा है। यहां बहुत लोग गलत लेन में या बिना किसी पूर्व सूचना के यू-टर्न लेकर, ओवरस्पीडिंग और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करके गैर-जिम्मेदाराना तरीके से गाड़ी चलाते हैं। इसके अलावा, कई बार आवारा पशु भी कहीं से सामने आ जाते हैं और उन्हें देखनेया बचाने में वाहन चालक उनसे टकरा भी जाते हैं।
वहीं, Mahindra XUV700 इससे पहले भी कार चालकों की कई दुर्भाग्यपूर्ण और गलत फैसलों का हिस्सा बन चुकी है। इसके अलावा, कई लोगों ने सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए या रील बनाने के लिए भी ADAS सिस्टम का गलत इस्तेमाल करके बहुत से वीडियो अपलोड किए हैं।